राज्य
31-Mar-2026


-शादी के आयोजनों में असमंजस, सप्लाई बढ़ाने की अपील भोपाल,(ईएमएस)। 15 अप्रैल से शुरू हो रहे शादी के मुहूर्तों के बीच रसोई गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। शादी सीजन की शुरुआत के साथ ही घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की मांग में अचानक वृद्धि हुई है, जबकि कई क्षेत्रों में सप्लाई सीमित बताई जा रही है। इससे होटल, कैटरिंग व्यवसाय और आयोजन से जुड़े लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कैटरर्स और होटल संचालकों का कहना है कि शादियों की तारीखें तय होने के बाद बड़े पैमाने पर भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में समय पर कमर्शियल सिलेंडर नहीं मिलने से तैयारियों पर असर पड़ रहा है। कुछ संचालकों को वैकल्पिक ईंधन की व्यवस्था करनी पड़ रही है, जिससे लागत भी बढ़ रही है। उधर, आम उपभोक्ताओं ने भी घरेलू सिलेंडरों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने की मांग की है। बढ़ती बुकिंग के कारण कई जगहों पर डिलीवरी में देरी की शिकायतें सामने आई हैं। आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कंपनियों के साथ समन्वय कर सप्लाई बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति जल्द सामान्य होने की उम्मीद है। व्यापारिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि शादी सीजन को देखते हुए अतिरिक्त कोटा जारी किया जाए, ताकि आयोजन बिना बाधा संपन्न हो सकें। आने वाले दिनों में मांग और बढ़ने की संभावना को देखते हुए व्यवस्था सुदृढ़ करने की आवश्यकता बताई जा रही है। नंदिनी परसाई/31 मार्च 2026