क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


- म्युल अकाउंट से 83 लाख का लेनदेन, 10 आरोपी गिरफ्तार दुर्ग(ईएमएस)। जिले में साइबर ठगी के जरिए अर्जित रकम को म्युल अकाउंट के माध्यम से ट्रांसफर करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खातों से 83 लाख 33 हजार 247 रुपए की अवैध राशि का लेनदेन हुआ है। पुलिस को भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के पोर्टल के माध्यम से कर्नाटक बैंक दुर्ग में संचालित संदिग्ध खातों की जानकारी मिली थी। विश्लेषण में पाया गया कि इन खातों का उपयोग देशभर में होने वाली साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था। कुल करीब 86 लाख 33 हजार 247 रुपए के संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि हुई। सूचना के बाद पुलिस ने बैंक से संपर्क कर संबंधित खातों को होल्ड कराया और जांच शुरू की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर मामला दर्ज कर सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के माध्यम से जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, म्युल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं जिन्हें खाताधारक साइबर ठगी या ऑनलाइन सट्टेबाजी के पैसों के लेनदेन के लिए किराए पर देते हैं। इसके बदले उन्हें हर महीने तय रकम दी जाती है। दुर्ग पुलिस ने बताया कि इस तरह के अवैध नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही है और म्युल अकाउंट के जरिए ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सत्यप्रकाश(ईएमएस)31 मार्च 2026