- जिले के ग्रामीण अंचल में भी जगह-जगह प्याऊ शुरू ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखकर जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी राहगीरों एवं आमजनों के लिये मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप प्रमुखता के साथ प्याऊ स्थापित की जा रही हैं। सरकार द्वारा जल संरक्षण व संवर्धन के लिये चलाए जा रहे “जल गंगा संवर्धन अभियान” में प्याऊ को भी मुख्य गतिविधि के रूप में शामिल किया गया है। जिले की ग्राम पंचायत धनेली, मेहगांव, ककरधा व इकहरा में प्याऊ शुरू हो चुकी हैं। बढ़ते हुए तापमान के बीच यह प्याऊ इन गाँवों से गुजरने वाले राहगीरों की प्यास बुझाने में उपयोगी साबित हो रही हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी जरूरत के मुताबिक पर्याप्त संख्या में प्याऊ शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसी तरह ग्वालियर शहर सहित जिले की सभी नगर पालिका व नगर परिषदों में भी पर्याप्त प्याऊ स्थापित करने के लिये कहा है।