:: यूरोमनी अवार्ड्स 2026 में बैंक को मिले दो बड़े सम्मान, बेहतर बैंकिंग सेवाओं के लिए मिला पुरस्कार :: मुंबई (ईएमएस)। भारत के प्रमुख निजी बैंक एचडीएफसी बैंक ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। बैंक को प्रतिष्ठित यूरोमनी प्राइवेट बैंकिंग अवार्ड-2026 में इंडियास सेफेस्ट प्राइवेट बैंक (भारत का सबसे सुरक्षित निजी बैंक) और इंडियास बेस्ट प्रीमियर बैंकिंग के खिताब से नवाजा गया है। यूरोमनी पत्रिका ने बैंक की तारीफ करते हुए कहा कि एचडीएफसी बैंक की मजबूती उसके अनुशासित कामकाज, जोखिम प्रबंधन और पूंजी की सुरक्षा पर टिकी है। वहीं, बैंक की डिजिटल ताकत और ग्राहकों को मिलने वाली सुविधाओं के कारण इसे प्रीमियर बैंकिंग के लिए सर्वश्रेष्ठ चुना गया है। :: ग्राहकों के भरोसे की जीत :: बैंक के ग्रुप हेड राकेश के. सिंह ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा, यह पुरस्कार हमारे ग्राहकों के उस भरोसे का प्रमाण है, जो उन्होंने पिछले तीन दशकों से हम पर बनाए रखा है। हमारे रिलेशनशिप मैनेजर ग्राहकों की जरूरतों को समझते हैं और स्मार्ट वेल्थ जैसे मोबाइल ऐप के जरिए हम निवेश और धन प्रबंधन को सभी के लिए आसान बना रहे हैं। :: क्या है यूरोमनी अवार्ड? यह बैंकिंग जगत का एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है, जो पिछले 20 वर्षों से दुनिया भर के उन बैंकों को सम्मानित करता है जो डिजिटल सेवाओं, वेल्थ मैनेजमेंट और ग्राहकों की सेवा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। प्रकाश/31 मार्च 2025