- उम्मीद कार्यक्रम में बालिकाओं को मिला हेल्पलाइन नंबर, एसपी ने कहा- पुलिस हमेशा आपके साथ क्षिप्रा (इंदौर)। बालिकाओं को मानसिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए इंदौर (ग्रामीण) पुलिस द्वारा झवर इंटरनेशनल स्कूल में “उम्मीद – एक सुरक्षित कल की ओर” कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में हुए इस आयोजन का मकसद बच्चों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में एसपी ने खुद बालिकाओं को उनके क्षेत्र के थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों से मिलवाया। इस पहल का उद्देश्य यह है कि छात्राएं अपने इलाके के पुलिस अफसरों को पहचानें और जरूरत पड़ने पर बिना किसी डर या झिझक के उनसे मदद मांग सकें। :: जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर :: सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए पुलिस ने ‘उम्मीद हेल्पलाइन नंबर 7701048800’ जारी किया है। एसपी श्रीमती भूटिया ने संदेश दिया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में बालिकाएं या उनके माता-पिता इस नंबर पर कभी भी संपर्क कर सकते हैं। :: विशेषज्ञों ने की काउंसलिंग :: कार्यक्रम में मनोवैज्ञानिक और चाइल्ड काउंसिलर्स ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने बालिकाओं से अकेले में और ग्रुप में बात की, उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें सुलझाने के तरीके बताए। महिला पुलिस की मौजूदगी में छात्राओं को एक सुरक्षित माहौल दिया गया ताकि वे अपनी बात खुलकर कह सकें। :: अब तक 800 से ज्यादा बच्चों को मिला लाभ :: पुलिस की यह मुहिम लगातार चल रही है। इससे पहले देपालपुर और महू में भी ऐसे कार्यक्रम हो चुके हैं। अब तक सांवरे, देपालपुर और महू अनुभाग के लगभग 800 से अधिक बच्चों को इस अभियान के जरिए जागरूक किया जा चुका है। प्रकाश/31 मार्च 2025