बस्ती (ईएमएस)। बस्ती कांवरिया संघ चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित प्रभु संबंध अभियान व श्रीमद् भागवत कथा के दूसरे दिन ब्रह्मचारी शिवबली चौबे जी महाराज ने कहा कि प्रभु (ईश्वर) से संबंध बनाने के लिए हृदय में सच्चा प्रेम, विश्वास और निरंतर स्मरण की आवश्यकता होती है। इसके लिए प्रतिदिन प्रार्थना, भक्ति (सुमिरन), सेवा, और पवित्र जीवन जीने का प्रयास करें। उन्हें अपना सखा, माता, पिता या स्वामी मानकर अपना सुख-दुःख साझा करें, जिससे निस्वार्थ प्रेम और समर्पण का भाव जगे। स्टेशन रोड स्थित एक होटल के परिसर में आयोजित कथा में उन्होने कहा कि भगवान को केवल ज्ञान या कर्म से नहीं, बल्कि निस्वार्थ प्रेम से प्राप्त किया जा सकता है। उन्हें अपना सब कुछ सौंपकर समर्पण का भाव अपनाएं। जब आप संसार में काम कर रहे हों, तब भी मन में प्रभु का नाम (कृष्ण, राम, हरि) जपते रहें। उनके अस्तित्व को हर वस्तु में महसूस करें। जरूरतमंदों की सहायता करें, गाय को रोटी, पक्षियों को दाना दें, क्योंकि ईश्वर हर प्राणी में बसते हैं। उन्होंने कहा कि भक्तों की सेवा करने से भी ईश्वर प्रसन्न होते हैं। पवित्र ग्रंथों का पाठ करें और ईश्वर से सीधी बात (प्रार्थना) करें, जैसे किसी मित्र से बात करते हैं। अपनी परेशानियों में भी ईश्वर पर भरोसा रखें कि वे आपकी रक्षा करेंगे और सही राह दिखाएंगे। गलत कार्यों से बचें और आत्म-सुधार पर ध्यान दें। भगवते नमः कहने से जीवन के सभी दुःख मिट जाते हैं। आरती व प्रसाद वितरण के उपरांत दूसरे दिन की कथा का समापन हुआ। कथा के बीच-बीच में भजन गायक संजय जी के द्वारा कर्णप्रिय भजन प्रस्तुत किए गए। इस दौरान विवेक गिरोत्रा, सुनील कुमार गुप्ता, संजय द्विवेदी, गौरव साहू, रोहन गुप्ता भावेश कुमार पाण्डेय, विजय गुप्ता, दिनेश चंद्र जायसवाल, हिमांशु सोनी, बसंत लाल पंसारी, शिव कुमार गुप्ता, रामकृष्ण गुप्ता, संजय गाड़िया, हरिशंकर गुप्ता, रामकृष्ण वर्मा, आशुतोष पांडे, प्रमोद कुमार गुप्ता, राजेंद्र कुमार चौधरी, संतोष कुमार सिंह, संतोष सोनी, ध्रुव कुमार गुप्ता, रविंद्र तिवारी, युग अग्रवाल, कुणाल कसौधन, अर्थव पाण्डेय, गौरी सहित सैकड़ो लोग उपस्थित रहे। ईएमएस/31/03/2026