आवास,श्रम, वित्त, राजस्व, अनुकंपा नियुक्ति जैसे अन्य आवेदनों पर हुई सुनवाई नर्मदापुरम (ईएमएस)। जिला मुख्यालय पर आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन ने आमजन की समस्याओं का परीक्षण कर विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदनो का समाधान किया| जनसुनवाई में आए 47 आवेदनों पर सुनवाई कर उनका निराकरण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान ग्राम बनखेड़ी निवासी बसंती बाई ने जनसुनवाई में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान कराये जाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर श्री जैन ने संबंधित अधिकारी को नियमानुसार योजना का लाभ प्रदान करने के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार रसूलिया निवासी भावेश श्रोती ने उनके स्वर्गीय पिता जो कि जनजातीय कार्य विभाग में सहायक ग्रेड 3 के पद पर पदस्थ थे,उनकी मृत्यु के पश्चात अनुकंपा नियुक्ति के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर श्री जैन ने जनजाति कार्य विभाग अधिकारी को शीघ्र नियुक्ति प्रदान करने के निर्देश दिए। एक अन्य मामले में बनखेड़ी निवासी दौलत सिंह पटेल ने सीमांकन कराये जाने हेतु आवेदन दिया। जिस पर श्री जैन ने सम्बन्धी अधिकारी को शीघ्र सीमांकन करने के लिए निर्देशित किया। जनसुनवाई मे आए पेंशन, सीमांकन, अतिक्रमण, विधुत, राजस्व सम्बन्धि आवेदनों पर सुनवाई कर उनका त्वरित निराकरण किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री अनिल जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती डॉ. बबीता राठौर, सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 31 मार्च 2026