क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


डोंबिवली, (ईएमएस)। मुंबई से सटे डोंबिवली के ठाकुर्ली चोलगांव इलाके के रहने वाले सुरेंद्र चौधरी उर्फ ​​पाटिल को गैर-कानूनी हथियार रखने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 7 रिवॉल्वर, 371 जिंदा कारतूस और 167 एयर गन की गोलियां मिली हैं। वह खुद को गैंगस्टर बताकर वीडियो पोस्ट करता है। उस पर पहले भी रेप समेत कई दूसरे मामलों में केस दर्ज हो चुका है। सुरेंद्र पाटिल एक जुर्म में जेल में था। बेल पर रिहा होने के बाद ठाणे क्राइम ब्रांच और मानपाड़ा पुलिस ने मिलकर उसके खिलाफ फिर से कार्रवाई की है। उसके घर से बड़ी संख्या में बिना लाइसेंस के हथियार मिले हैं। छापेमारी के बाद उसके बंगले से 7 रिवॉल्वर, 371 जिंदा कारतूस, एक तलवार और एक चॉपर मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने शनिवार (28 मार्च) आधी रात को सुरेंद्र पाटिल के दावड़ी वाले बंगले पर छापा मारा। पुलिस ने बंगले की तलाशी ली। चप्पल-जूते रखने के लिए एक स्टैंड बनाया गया है। वहां एक सीक्रेट कम्पार्टमेंट था, जो आसानी से दिखाई नहीं देता था। पुलिस को उसमें एक रिवॉल्वर, जिंदा कारतूस, एयर गन की गोलियां मिलीं। पुलिस को सुरेंद्र पाटिल के घर से तलवारें, चाकू, छुरे और दूसरे धारदार हथियार भी मिले। पता चला है कि इन हथियारों की कीमत 10 लाख रुपये है। पुलिस द्वारा जब्त की गई रिवॉल्वर में से पांच देसी हैं। कुछ पर मेड इन यूएसए और स्पेशल ऑटो का मार्क है। बिल्डर सुरेंद्र पाटिल को रील बनाने का हुनर ​​है। सिर्फ पुलिस की कुर्सी पर बैठकर ही नहीं, बल्कि उससे पहले भी वह हाथ में बंदूक और सामने ढेर सारा नकद रखकर रील बना चुका है। अक्टूबर 2023 में मनपाड़ा पुलिस स्टेशन में उसने जो रील बनाई थीं, उनकी उसे काफी कीमत चुकानी पड़ी थी। मनपाड़ा पुलिस स्टेशन में दर्ज एक धोखाधड़ी के मामले में शिकायतकर्ता बनकर गए सुरेंद्र पाटिल ने जब कमरे में कोई नहीं था तब पुलिस अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर रील बनाई थी। इसके लिए उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था। सुरेंद्र पाटिल के खिलाफ कई तरह के अपराध दर्ज हैं। इसमें रेप का केस भी शामिल है। उन्हें 2023 में एक साल के लिए ठाणे जिले से तड़ीपार भी किया गया था। ‎संतोष झा-३१ मार्च/२०२६/ईएमएस