- सड़क सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, चौराहों पर चेकिंग इंदौर (ईएमएस)। शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने बिना हेलमेट चलने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर पलासिया, विजयनगर और भंवरकुआं जैसे प्रमुख चौराहों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान पुलिस ने न केवल चालान काटे, बल्कि लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को हेलमेट का महत्व भी समझाया। पुलिस का मुख्य उद्देश्य सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकना है। अधिकारियों ने साफ किया कि यह कार्रवाई जुर्माना वसूलने के लिए नहीं, बल्कि नागरिकों की जान बचाने के लिए की जा रही है। 31 मार्च को चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 1383 वाहन चालकों के खिलाफ हेलमेट न लगाने पर कार्रवाई की गई। ट्रैफिक पुलिस ने सख्त चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। :: सुरक्षा की अपील :: ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनें। पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार त्रिपाठी के मार्गदर्शन में यह अभियान शहर के सभी व्यस्त इलाकों में लगातार जारी रहेगा। प्रकाश/31 मार्च 2025