क्षेत्रीय
31-Mar-2026


श्योपुर ( ईएमएस ) | कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में जनगणना 2027 की तैयारियां जारी है, जनगणना निदेशालय के अनुसार जनगणना का कार्य दो चरणो में संपन्न होगा। प्रथम चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एव मकानों की गणना का कार्य पूर्ण किया जायेगा तथा द्वितीय चरण का कार्य फरवरी 2027 में संपन्न कराया जायेगा। जिले में जनगणना के लिए रिर्जव सहित 1420 प्रगणक तथा 238 सुपरवाईजर नियुक्त किये गये है। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अर्पित वर्मा ने बताया कि जनगणना 2027 में स्व-गणना पोर्टल (एसई पोर्टल) एवं मोबाइल एप (एचएलओ एप) के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जायेगा। इसी क्रम में मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर (एचएलबीसी) वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन किया गया है। जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) वेब पोर्टल के माध्यम से मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग की जाएगी। जनगणना 2027 में खास बात यह है कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। जनगणना प्रक्रिया में नागरिक स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकते हैं। जनगणना के दौरान प्रगणक के घर आने पर उन्हें यह जानकारी देनी होगी तब इस जानकारी को डिजिटल संकलित करेंगे। जिला योजना अधिकारी श्री गिर्राज शर्मा ने बताया कि कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में जनगणना के लिए कुल 1658 प्रगणक एवं सुपरवाईजर नियुक्त किये गये है। इसके तहत 1282 प्रगणक बनाये गये है और 138 प्रगणक रिर्जव में रखे गये है। इसी प्रकार 212 सुपरवाईजर को दायित्व सौपा गया है और 26 सुपरवाईजर रिर्जव में रखे गये है। इस प्रकार रिर्जव सहित कुल 1420 प्रगणक और 238 सुपरवाईजर बनाये गये है। उन्होंने जानकारी दी कि श्योपुर तहसील अंतर्गत रिर्जव सहित 357 प्रगणक तथा 60 सुपरवाईजर, नगरपालिका श्योपुर क्षेत्र अंतर्गत 154 प्रगणक एवं 27 सुपरवाईजर, बडौदा तहसील अंतर्गत 179 प्रगणक एवं 30 सुपरवाईजर, नगरीय निकाय बडौदा अंतर्गत 42 प्रगणक एवं 07 सुपरवाईजर, कराहल तहसील अंतर्गत 235 प्रगणक एवं 35 सुपरवाईजर, तहसील वीरपुर अंतर्गत 153 प्रगणक एवं 27 सुपरवाईजर, तहसील विजयपुर अंतर्गत 261 प्रगणक एवं 44 सुपरवाईजर तथा नगरीय निकाय विजयपुर अंतर्गत 39 प्रगणक एवं 8 सुपरवाईजर बनाये गये है। इनके द्वारा प्रथम चरण में 01 मई से 30 मई की अवधि में मकान सूचीकरण तथा मकानों की गणना का कार्य संपन्न किया जायेगा। फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 01 अप्रैल से कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्री अर्पित वर्मा द्वारा श्योपुर जिले में जनगणना संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए जनगणना चार्ज कार्यालय वार 26 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किये गये है। यह ट्रेनर प्रगणक एवं पर्यवेक्षको को प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। फील्ड ट्रेनर के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण 01 अप्रैल से 03 अप्रैल तक जिला पंचायत सभागार में आयोजित किया गया है। फील्ड ट्रेनर को प्रातः 10 बजे से सांय 05 बजे तक प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा। जनगणना में 33 बिन्दुओं पर संकलित की जायेगी जानकारी जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, मकान की दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही परिवार, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य) से संबंधित विवरण दर्ज किया जाएगा। जनगणना के दौरान पेयजल का मुख्य स्रोत, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी, रसोईघर एवं उसमें प्रयुक्त ईंधन की जानकारी भी ली जाएगी। इसके अलावा घर में स्नानघर, एलपीजी, पीएनजी कनेक्शन, टेलीविजन, रेडियो, इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर, मोबाइल, स्मार्टफोन, साइकिल, स्कूटर, मोटर साइकिल, मोपेड, कार, जीप या वैन जैसी सुविधाओं और वाहनों की जानकारी भी शामिल है। परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य खाद्यान्न, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का व्यवसाय तथा मकान के स्वामित्व की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी जनगणना में दर्ज की जाएगी। राजपत्र में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्र की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और किसी भी न्यायालय, जांच या अन्य प्रयोजन के लिए साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं की जा सकेंगी। डिजिटल माध्यम से जनगणना 2027 में यह समस्त जानकारी डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप और पोर्टल के जरिए एकत्र की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनगणना कार्य के दौरान जनगणना अधिकारियों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सकें।