क्षेत्रीय
31-Mar-2026
...


- कलेक्टर की अध्यक्षता में एनसीओआरडी की बैठक : विद्यार्थियों और फैकल्टी की समितियां रखेंगी कैंपस पर नजर इंदौर (ईएमएस)। युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने और शिक्षण संस्थानों को ड्रग्स मुक्त करने के लिए इंदौर प्रशासन ने एक बड़ी योजना तैयार की है। कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित एनसीओआरडी की जिला स्तरीय बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी कॉलेजों में नशा मुक्ति समितियों का गठन किया जाएगा। ये समितियां न केवल कैंपस के भीतर होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए छात्रों को मुख्यधारा में वापस लाने के लिए प्रेरक की भूमिका भी निभाएंगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसरों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन समितियों में छात्र और शिक्षक दोनों शामिल होंगे, जो बाहरी तत्वों द्वारा ड्रग्स सप्लाई की कोशिशों की सूचना तत्काल प्रशासन को देंगे। जिन संस्थानों में पहले से ऐसी समितियां मौजूद हैं, उन्हें पुनर्गठित कर विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। कलेक्टर ने इंदौर के प्रसिद्ध जनभागीदारी मॉडल का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के सहयोग से इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाया जाएगा। :: ड्रग्स बनाने वाले रसायनों पर भी होगी कड़ी निगरानी :: बैठक में केवल नशा बेचने वालों पर ही नहीं, बल्कि नशा बनाने के स्रोत पर भी प्रहार करने की रणनीति बनी। ड्रग माफिया पर लगाम कसने के लिए उन रासायनिक कंपाउंड्स की सूची तैयार की जा रही है जिनका उपयोग सिंथेटिक ड्रग्स बनाने में होता है। कलेक्टर ने बताया कि ऐसे रसायनों को एनडीपीएस एक्ट के दायरे में लाने और उनकी खरीद-बिक्री की कड़ी निगरानी के लिए विधिक प्रावधानों पर काम किया जा रहा है। आबकारी, पुलिस और एनसीबी के साझा डेटा के आधार पर संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी की कार्रवाई जारी रहेगी। :: समन्वय से टूटेगी नशे की कमर :: नशा मुक्ति अभियान को परिणामोन्मुख बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल, एसपी ग्रामीण यांगचेन भूटिया और डीसीपी ट्रैफिक राजेश त्रिपाठी सहित स्मार्ट सिटी के सीईओ अर्थ जैन भी मौजूद थे। प्रशासन का मुख्य फोकस शिक्षा केंद्रों को सेफ जोन बनाना है ताकि विद्यार्थी सुरक्षित वातावरण में अपना भविष्य गढ़ सकें। अवैध नशे के विरुद्ध इस मल्टी-प्रोंग रणनीति के तहत आने वाले दिनों में जिले भर में सख्त वैधानिक कार्रवाई और जागरूकता कार्यक्रम साथ-साथ चलेंगे। प्रकाश/31 मार्च 2025