:: एशियन जूनियर अंडर-14 टूर्नामेंट : संरचना, सारा, रिया, देवांश, आरीष और शिवराज भी क्वार्टर फाइनल में; तीसरी वरीयता प्राप्त अर्जुन दुआ बाहर :: इंदौर (ईएमएस)। म.प्र. टेनिस संघ के तत्वावधान में इंदौर टेनिस क्लब में आयोजित इंदौर ओपन एशियन जूनियर अंडर-14 टेनिस टूर्नामेंट के रोमांचक मुकाबलों के बीच क्वार्टर फाइनल की तस्वीर साफ हो गई है। बालिका वर्ग में मध्य प्रदेश की वैदेही शिंदे ने अपना दमदार खेल जारी रखते हुए अंतिम आठ में प्रवेश कर लिया है। वैदेही के साथ ही बालिका वर्ग में छठीं वरीयता प्राप्त सारा फेंगसे, पांचवीं वरीयता प्राप्त रिया जोदभावी, चौथी वरीयता प्राप्त संरचना दास और दूसरी वरीयता प्राप्त एस. सूर्यवंशी ने भी क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। वहीं बालक वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त देवांश कंबोज, दूसरी वरीयता प्राप्त मानव पटेल, चौथी वरीयता प्राप्त एस. शिवराज, आरीष दलवी और प्रणय गायकवाड़ ने जीत हासिल कर अंतिम आठ में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। :: वैदेही ने सीधे सेटों में दर्ज की जीत :: बालिका एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में स्थानीय उम्मीद वैदेही शिंदे ने श्रावी गेहलोत के खिलाफ आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। वैदेही ने यह मुकाबला सीधे सेटों में 6-2, 6-2 से जीतकर अपनी लय बरकरार रखी है। बालिका वर्ग के अन्य प्रमुख मुकाबलों में रिया जोदभावी ने आशी किरण को 6-1, 6-3 से, संरचना दास ने समाइरा जैन को 6-1, 6-0 से और सान्वी मोहन ने श्ररण्या सावंत को कड़े संघर्ष के बाद 4-6, 6-2, 6-2 से मात दी। इसके अलावा सारा फेंगसे ने हर्षा देशपांडे को 6-4, 6-0 से और एस. सूर्यवंशी ने कुशी बुधया को 6-2, 6-3 से हराकर अंतिम आठ का टिकट कटाया। :: बालक वर्ग में प्रयाग पटेल का बड़ा उलटफेर :: बालक एकल के मुकाबलों में मंगलवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहाँ गैरवरीयता प्राप्त प्रयाग पटेल ने तीसरी वरीयता प्राप्त अर्जुन दुआ को सीधे सेटों में 6-1, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया। शीर्ष वरीयता प्राप्त देवांश कंबोज ने स्थानीय खिलाड़ी हितार्थ सुराणा को 6-3, 6-0 से आसानी से मात दी। दूसरी वरीयता प्राप्त मानव पटेल को जीत के लिए कड़ा पसीना बहाना पड़ा; उन्होंने नीवी सेठ को रोमांचक टाइब्रेकर में 7-6(0), 6-1 से हराया। अन्य मैचों में एस. शिवराज ने जायन मोहम्मद को 0-6, 6-1, 6-1 से, प्रणय गायकवाड़ ने मुथु जयंथ को 6-2, 6-2 से और आरीष दलवी ने समन्यू जैन को 6-2, 6-3 से शिकस्त देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। लोकेश एपीएस ने भी अयान दहिया को 6-0, 6-0 से हराकर अपना दबदबा साबित किया। स्थानीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन इंदौर को टेनिस हब के रूप में स्थापित कर रहा है। वैदेही और देवांश की वर्तमान फॉर्म को देखते हुए इस बार खिताब की प्रबल उम्मीदें जग गई हैं। प्रकाश/31 मार्च 2026