राष्ट्रीय
31-Mar-2026
...


लखनऊ (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मौलाना अब्दुल्ला सालिम कासमी उर्फ चतुर्वेदी को सोमवार की देर शाम बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) उसे लेकर बहराइच आयी, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया। बहराइच शहर के पुलिस क्षेत्राधिकारी नारायण दत्त मिश्र के अनुसार, मौलाना अब्दुल सालिम कासमी का एक विवादित भाषण इस माह की शुरुआत में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया था। इसके बाद आठ मार्च को कोतवाली नगर थाने में विश्व हिंदू परिषद के विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक एवं अधिवक्ता अजीत प्रताप सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। इसी मामले में उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने सोमवार शाम बिहार के पूर्णिया से आरोपी को गिरफ्तार किया और देर रात बहराइच लेकर आई। पूछताछ के बाद मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे आवश्यक विधिक कारर्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि अदालत में पेश किए जाने से पहले आरोपी मौलाना ने कोतवाली नगर में पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार करते हुए खुद को माफ करने का अनुरोध किया है।