फिरोजाबाद(ईएमएस) पूर्वा एक्सप्रेस में उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ ही यात्रियों ने मारपीट कर दी। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को फर्जी बताते हुए उनके साथ गाली-गलौज की और नेम प्लेट तक नोच डाली। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जो मुजफ्फरनगर और चंदौली के रहने वाले है। घटना 30 मार्च 2026 की है, जब ट्रेन संख्या 12303 पूर्वा एक्सप्रेस में कानपुर सेंट्रल से नई दिल्ली के बीच स्कोर्ट ड्यूटी पर हेड कांस्टेबल मनोज कुमार और कांस्टेबल इमरान मलिक तैनात थे। ड्यूटी के दौरान जब वे कोचों में चेकिंग करते हुए एस-1 कोच पहुंचे, तो वहां जनरल टिकट वाले यात्रियों की भीड़ मिली, जिससे रिजर्व सीट वाले यात्रियों को परेशानी हो रही थी। टीटीई की सूचना पर पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जनरल टिकट यात्रियों को उनके कोच में जाने के लिए कहा। इसी बात पर दो युवक भड़क गए। आरोप है कि मुजफ्फरनगर निवासी गुलबहार और चंदौली निवासी संजय यादव ने पुलिसकर्मियों से बदतमीजी शुरू कर दी। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, वर्दी पर लगी नेम प्लेट तोड़ दी और उन्हें फर्जी पुलिसकर्मी बताते हुए वीडियो भी बनाया। हालांकि पुलिसकर्मियों ने भी पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जिसमें आरोपियों की हरकत साफ नजर आ रही है। मामले में जीआरपी टूंडला थाने में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट समेत कई धाराओं में कार्रवाई की गई है और उन्हें जेल भेजा जा रहा है। इस घटना के बाद ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ईएमएस