जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के खपरी गांव में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। अज्ञात आरोपियों ने घर में सो रहे बुजुर्ग दंपति छतराम साहू और उनकी पत्नी श्याम बाई की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान पुलिस को खून से सने पैरों के निशान मिले, जिससे आरोपियों के भागने की दिशा का पता लगाया जा रहा है। मौके से होली का मुखौटा भी बरामद हुआ है, जिससे पुलिस का मानना है कि आरोपी पहचान छिपाने के लिए मुखौटा पहनकर आए थे। प्रारंभिक जांच में इसे लूट और चोरी की नीयत से की गई हत्या माना जा रहा है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01अप्रैल 2026