राष्ट्रीय
01-Apr-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। राष्ट्रीय साहित्यिक परिदृश्य में प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 की घोषणा के तहत देश की 24 भारतीय भाषाओं के 24 लेखकों और कवियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली के कमानी ऑडिटोरियम में आयोजित ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स’ के दूसरे दिन प्रदान किया गया, जहां साहित्य प्रेमी और विद्वान मौजूद थे। इस साल अंग्रेजी साहित्य के लिए लेखक और पूर्व राजनयिक नवतेज सरन को उनके उपन्यास क्रिमसन स्पेनिंग के लिए सम्मानित किया है। वहीं हिंदी साहित्य में प्रतिष्ठित लेखिका ममता कालिया को उनके चर्चित संस्मरण ‘जीते जी इलाहाबाद’ के लिए यह पुरस्कार प्रदान किया गया है। साहित्य अकादमी द्वारा दिए जाने वाले इस सम्मान में विजेताओं को एक विशेष पेटी प्रदान की गई, जिसमें उत्कीर्ण तांबे की पट्टिका, एक शॉल और एक लाख रुपए की नकद राशि शामिल है। यह पुरस्कार भारतीय भाषाओं में उत्कृष्ट साहित्यिक योगदान को मान्यता देने के उद्देश्य से दिया जाता है और इसे देश के सबसे प्रतिष्ठित साहित्यिक सम्मानों में गिना जाता है। ‘फेस्टिवल ऑफ लेटर्स’ के दौरान विभिन्न सत्रों में साहित्य, भाषा और संस्कृति पर विचार-विमर्श भी किया। इस आयोजन ने न केवल पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया, बल्कि भारतीय भाषाओं की समृद्ध परंपरा और विविधता को भी मंच प्रदान किया। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26