-अगले दिन दोनों पक्ष आए आमने-सामने, मामला पंचायत पहुंचा नहीं निकला हल रामपुर,(ईएमएस)। रामपुर में शादी के कुछ ही घंटों बाद ऐसा विवाद खड़ा हो गया जिसकी पूरे इलाके में चर्चा होने लगी। सात फेरों के साथ शुरू हुआ एक नया रिश्ता पहली ही रात दरक गया। सुहागरात पर पत्नी ने पति को अपने पास नहीं आने दिया और जब पति ने करीब आने की कोशिश की तो पत्नी ने हाथापाई कर दी। बात इतनी बढ़ी कि अगले दिन दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद पंचायत तक जा पहुंच गया। इस दौरान दूल्हे के साथ मारपीट हुई, जिसमें उसका सिर फट गया उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह शादी पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ संपन्न हुई थी। दोनों परिवारों ने खुशी-खुशी इस रिश्ते को स्वीकार किया। बारात आई, स्वागत हुआ, रस्में निभाई गईं और रात में रिसेप्शन भी हुआ। सब कुछ सामान्य था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही कुछ घंटों में हालात बदल जाएंगे। रात करीब दो बजे तक रिसेप्शन का कार्यक्रम चला। इसके बाद दूल्हा-दुल्हन अपने कमरे में चले गए, जहां से इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत हुई। दूल्हे की बहन के मुताबिक जब दोनों कमरे में थे तो भाई ने सामान्य तरीके से अपनी पत्नी से करीब आने की कोशिश की। इसी दौरान दुल्हन ने उसे रोक दिया और साफ शब्दों में कहा कि वह इस रिश्ते को स्वीकार नहीं करना चाहती। आरोप है कि जब दूल्हे ने इस पर आपत्ति जताई और बात समझाने की कोशिश की, तो दुल्हन ने उसे थप्पड़ मार दिया। यह बात सुनकर परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया। दुल्हन ने दो टूक कहा कि वह इस शादी से खुश नहीं है और पति के साथ नहीं रहना चाहती। परिवार के लोगों का कहना है कि विवाद की जड़ में दुल्हन का कोई पुराना संबंध हो सकता है। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन दूल्हे पक्ष का आरोप है कि दुल्हन किसी और के साथ रिश्ते में थी और उसी वजह से उसने शादी के बाद पति को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। सुबह मामला पंचायत तक पहुंचा। दोनों पक्षों के लोग इकट्ठा हुए और समझौते की कोशिश की गई। दुल्हन के परिवार ने शुरुआत में इस रिश्ते को बनाए रखने की बात कही, जबकि दूल्हा पक्ष इस पर सहमत नहीं था। पंचायत में काफी देर तक बहस चली, लेकिन नतीजा नहीं निकला। दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही और बार-बार यही कहती रही कि वह इस शादी को आगे नहीं बढ़ाना चाहती। इस पूरे मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर नहीं दी गई है, इसलिए मामला दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी रखे हुए है और जरूरत पड़ने पर कार्रवाई की बात कह रही है. कोतवाली बिलासपुर के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शादी के बाद दुल्हन ने पति के साथ रहने से इनकार किया था, जिसके चलते विवाद हुआ। मारपीट में दूल्हे को चोट आई है, लेकिन बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26