राष्ट्रीय
01-Apr-2026


-किदवई को कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव बनाया नई दिल्ली,(ईएमएस)। सरकार ने वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी वीर विक्रम यादव को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) का महानिदेशक नियुक्त किया, जिन्होंने फैज अहमद किदवई का स्थान लिया। कैबिनेट की नियुक्ति समिति के एक आदेश के मुताबिक मध्य प्रदेश कैडर के 1996 बैच के आईएएस अधिकारी किदवई को कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया है। ओडिशा कैडर के आईएएस अधिकारी यादव, जो डीजीसीए में किदवई की जगह लेंगे, उनके बैचमेट हैं और वर्तमान में पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आदेश में कहा गया है “श्री वीर विक्रम यादव, आईएएस, अतिरिक्त सचिव, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को, पद के भर्ती नियमों को स्थगित रखते हुए भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव के रैंक और वेतनमान में, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के महानिदेशक के रूप में नियुक्त किया है। यह नियुक्ति फैज अहमद किदवई, आईएएस के स्थान पर की गई है, जिन्हें कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के तहत कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक नियुक्तियां एसीसी द्वारा मंजूर किए गए एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल का हिस्सा थीं। इस आदेश में कई मंत्रालयों में संयुक्त और अतिरिक्त सचिव स्तर की नियुक्तियां भी शामिल थीं, जिनमें नागरिक उड्डयन, वित्त, वाणिज्य और कृषि जैसे क्षेत्रों में पोस्टिंग शामिल हैं। भारत के विमानन सुरक्षा नियामक, डीजीसीए को हाल के महीनों में इस क्षेत्र में लगातार हो रही परिचालन संबंधी बाधाओं और सुरक्षा चिंताओं के चलते कड़ी जांच का सामना करना पड़ा है। इनमें सबसे ताजा मामला दिसंबर में इंडिगो के परिचालन में आई बाधाओं का है। सिराज/ईएमएस 01अप्रैल26