क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


जगदलपुर(ईएमएस)। केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने बुधवार को तुरेनार स्थित छत्तीसगढ़ कला ब्रांड के अंतर्गत ग्रोथ सेंटर और प्रगति महिला स्व सहायता समूह के स्टॉल्स का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय उत्पादों, महिला उद्यमिता और स्व सहायता समूहों द्वारा किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। रक्षा खडसे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। स्व सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की अग्रदूत भी बन रही हैं। उन्होंने महतारी वंदन योजना, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, रेडी टू ईट खाद्य उत्पाद निर्माण और लखपति दीदी योजना जैसे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि ये महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहे हैं। विशेष रूप से स्व सहायता समूह द्वारा किए जा रहे रेडी टू ईट निर्माण, पोषण सुरक्षा, रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ करने के प्रयासों को रक्षा खडसे ने “नारी शक्ति के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक सशक्त कदम” बताया। इसके अतिरिक्त बस्तर जिले के ग्राम चिलकुटी के दौरे के दौरान उन्होंने पारंपरिक कला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया। रक्षा खडसे ने विशेष रूप से लॉस्ट वैक्स तकनीक ढोकरा शिल्प को देखा और इसे आदिवासी कला, स्थानीय कारीगरों की जीवंत विरासत और सांस्कृतिक स्मृति का प्रतीक बताया। इस अवसर पर रक्षा खडसे ने महिला उद्यमियों और स्थानीय कारीगरों से संवाद किया, उनके कार्यों की सराहना की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्व सहायता समूहों और पारंपरिक शिल्प के माध्यम से हो रहा यह परिवर्तन महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और समावेशी आर्थिक वृद्धि का प्रेरणादायी उदाहरण है। कार्यक्रम में खेलो इंडिया के संचालक मयंक श्रीवास्तव, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन और एसडीएम बस्तर गगन शर्मा भी उपस्थित रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)01अप्रैल 2026