- बूथ प्रबंधन से सोशल मीडिया तक कार्यकर्ताओं को मिला मार्गदर्शन बिलासपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में एक दिवसीय मंडल स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। तिफरा-सिरगिट्टी एवं बोदरी मंडल के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण शिविर तिफरा स्थित झूलेलाल मंगलम भवन में संपन्न हुआ, जिसमें सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यशाला में प्रदेश, जिला, मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को सात प्रमुख विषयों—वैचारिक अधिष्ठान, बूथ प्रबंधन, कार्यविस्तार, इतिहास एवं विकास, सोशल मीडिया व एआई, नमो ऐप तथा कार्यपद्धति—पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही सरकार की उपलब्धियों और उनके क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। मुख्य वक्ता के रूप में धरमलाल कौशिक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बूथ प्रबंधन की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, बूथ जीते, चुनाव जीते—यही सफलता का मूल मंत्र है। उन्होंने संगठन में अनुशासन, विचारधारा और कार्यकर्ता सशक्तिकरण को सर्वोपरि बताया।कार्यक्रम में प्रह्लाद रजक, हर्षिता पाण्डेय, प्रशांत सिंह ठाकुर, पूर्णेंदु भट्ट, बृजेन्द्र शुक्ला, दीपक सिंह, सोमेश तिवारी और कैलाश वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने प्रशिक्षण दिया। आयोजन को सफल बनाने में मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। मनोज राज 01 अप्रैल 2026