फिरोजाबाद (ईएमएस)। जनपद में बुधवार, 1 अप्रैल 2026 को ‘स्कूल चलो अभियान’ का विधिवत आगाज पी०एम०श्री० कम्पोजिट विद्यालय, जसराना से किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उत्साहपूर्वक रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, निवर्तमान विधायक जसराना राम गोपाल पप्पू लोधी, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, ब्लॉक प्रमुख कमलेश राजपूत, नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव गुप्ता, प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह, उपजिलाधिकारी राजेश कुमार शुक्ल सहित जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर एवं कैप पहनाकर किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि इसका प्रथम चरण 1 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026 तक तथा द्वितीय चरण 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक चलाया जाएगा। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराने की अपील की। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यालयों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए जनपद की शैक्षिक उपलब्धियों की सराहना की। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष ने सरकार की योजनाओं और विद्यालयों की बदलती तस्वीर को उजागर करते हुए अभिभावकों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी बच्चों को स्टेशनरी किट और निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकें वितरित की गईं। साथ ही सर्वाधिक नामांकन करने वाले 6 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसआरजी टीम द्वारा प्री-प्राइमरी शिक्षा और निपुण भारत मिशन की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला गया। अंत में मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली को रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन शिवकांत पलिया ने किया। इसी क्रम में जनपद के अन्य परिषदीय विद्यालयों में भी अभियान के तहत रैलियां निकाली गईं। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय पुल खड़ीत का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यहां बच्चों को परीक्षाफल वितरित करने के साथ मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विद्यालय में मिड-डे मील और साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। ईएमएस