क्षेत्रीय
01-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच चल रहे जंग से पैदा हुए हालात पर एलपीजी गैस सिलिंडर के बीच इसकी आपूर्ति में चल रही धोखाधड़ी दिल्ली वालों की मुसीबतों पर डबल अटैक साबित हो रही है। एक तो सिलिंडर मिलना मुश्किल है, ऊपर से इसकी कालाबजारी भी इस वक्त आम है। यही नहीं, सिलिंडर में इतनी गैस भी नहीं छोड़ी जा रही है, जिससे दो वक्त का खाना भी बन सके। इसकी शिकायत की सुनवाई भी एजेंसी संचालक नहीं कर रहे हैं। मंगलवार ऐसे ही एक मामले में विवेक विहार में हंगामा इस कदर बरपा कि पुलिस बुलानी पड़ी। उधर, पुलिस बेशक कालाबजारी करने वालों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन अभी भी खुलेआम अवैध रूप से सिलिंडर रिफलिंग हो रही है। पूर्वी दिल्ली की विवेक विहार गैस एजेंसी परिसर में मंगलवार को हंगामा हो गया। तबरेज नाम के उपभोक्ता ने आरोप लगाया कि सोमवार वह 3000 रुपये में ब्लैक से सिलिंडर लेकर अपने घर गया था। उसके अगले ही दिन मंगलवार उसका सिलिंडर खत्म हो गया। तबरेज के मुताबिक, गैस एजेंसी में शिकायत इसकी शिकायत करने पर वहां मौजूद कर्मी उससे झगड़ने लगे। परेशान होकर उसको पुलिस बुलानी पड़ी। तबरेज ने पुलिस के सामने एजेंसी पर गैस चोरी की शिकायत की है। दोनों पक्षों को शांत कराने के साथ पुलिस पीड़ित की शिकायत की जांच कर रही है। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/01/ अप्रैल /2026