सेंसेक्स 1186, निफ्टी 348 अंक उछला मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बुधवार को भारी तेजी के साथ बंद हुआ। वित्त वर्ष के पहले ही कारोबारी दिन बाजार में ये उछाल दुनिया भर से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही खरीददारी हावी होने से आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के साथ जारी संघर्ष के शीघ्र समाप्त होने के संकेतों से भी बाजार उछला है। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में कमी से भी बाजार धारणा मजबूत हुई है। दिन भर के कारोबार के बाद 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अंत में 1186.77 अंक ऊपर आकर 73,134.32 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी भी 348 अंकों की बढ़त के साथ ही 22,679.40 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले मार्च में दोनों प्रमुख इंडेक्स 11 फीसदी से ज्यादा गिरे थे। इससे निवेशकों पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। आज बीएसई पर सूचीबद्ध सभी कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण लगभग 13 लाख करोड़ रुपए बढ़कर 425 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा पहुंच गया। इससे पहले आज सुबह बाजार तेजी के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1814.88 अंकों की बढ़त के साथ 73,762.43 पर खुला जबकि निफ्टी 567 अंकों की तेजी के साथ 22,899 के स्तर पर पहुंचा। आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली, जहां निफ्टी मिडकैप 100 में 3.30 फीसदी और स्मॉलकैप 100 में 3.61 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। ईएमएस 01 अप्रैल 2026