01-Apr-2026
...


- हिंदु संगठनो ने किया विरोध प्रदर्शन, सीमए को ज्ञापन देकर की बुलडोजर चलाने की मांग - प्रदर्शनकारियो-पुलिस के बीच बनी विवाद की स्थिति भोपाल(ईएमएस)। राजधानी के अशोका गार्डन थाना इलाके में होटल संचालक विजय मेवाड़ा हत्याकांड के मुख्य फरार आरोपी आसिफ उर्फ बम को केरवा के घने जंगलों से पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसे इलाज के लिये हमीदिया अस्पताल पहुचांया गया, सुरक्षा के चलते अस्पताल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया वहीं आला पुलिस अफसर भी मौजूद रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद से ही आसिफ उर्फ बम फरार चल रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को उसके केरवा के जंगलों में छिपे होने की जानकारी मिली। बुधवार दोपहर करीब 12:00 बजे जब पुलिस की संयुक्त टीम घेराबंदी करने पहुंची, तो खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया और भागने की कोशिश की। - हिंदू संगठनो सड़क पर उतरे, बनी विवाद की स्थिति वहीं फरार आरोपी के शार्ट एनकाउंटर से कुछ देर पहले विजय मेवाड़ की हत्या के विरोध में हिंदू संगठनों के लोग सड़क पर उतर आये थे। सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू उत्सव समिति, बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया और सीएम निवास से थोड़ी दूरी पर स्थित पॉलिटेक्निक चौराहे तक पहुंच गए। हालांकि यहॉ उन्हें रोकने के लिये पुलिस बल तैनात था, जिसने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। मृतक के परिजन और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता आरोपियों का एनकाउंटर और मकान गिराने की मांग करते हुए सीएम डॉ. मोहन यादव से मिलने जा रहे थे। पुलिस ने केवल पांच लोगों को सीएम से मिलने के लिए भेजा। इस दौरान वहां हंगामा कर रहे लोगों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई पुलिस हल्क बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में किया। - हत्याकांड के मुख्य आरोपी का फरारी के दौरान हुआ शार्ट एनकाउंटर हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ बम को पुलिस ने गिरफ्तर कर लिया। बताया गया है की रातीबड़ इलाके में उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया, जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने उसका शॉर्ट एनकाउंटर कर पकड़ लिया। आसिफ की गिरफ्तारी पर पुलिस ने 30 हजार का इनाम घोषित किया था। शॉर्ट एनकाउंटर पर पुलिस कमिश्नर संजय सिंह ने बताया कि दोपहर लगभग 12:15 बजे पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। रातीबड़ इलाके से जब पुलिस उसको लेकर आ रही थी, तभी उसने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीन ली। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मार दी, घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। - चाकू मारकर की थी विजय मेवाड़ की हत्या 29 मार्च की रात अशोका गार्डन क्षेत्र में स्थित प्रगति नगर में विजय मेवाड़ा का आरोपियो से विवाद हो गया था। रेस्टोरेंट कारोबारी विजय मेवाड़ा अपने एक कर्मचारी को घर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में कर्मचारी का उसके दोस्तों इमरान और फरमान से विवाद हो गया। जब विजय मेवाड़ा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और वहां पहुंचे आसिफ को बेटा कहकर समझाने का प्रयास किया, तो आसिफ ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसके पेट और सीने पर वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत उसे हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अगले दिन सोमवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया था। पुलिस की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुला। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी इमरान और फरमान को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि आसिफ फरार चल रहा था, जिसे आज शॉर्ट एनकांउटर के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। - आदतन बदमाश है आरोपी बदमाश आसिफ के खिलाफ 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में दो आरोपियों इमरान उर्फ ब्रावो और फरमान उर्फ आरिस को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सूत्रो के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ भी करीब डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। जुनेद / 1 अप्रैल