तेल अवीव (ईएमएस)। इजरायली सेना ने दावा किया है कि उसने चरमपंथी संगठन हिज्बुल्लाह के बड़े कमांडर यूसुफ इस्माइल हाशेम को मार दिया है। आईडीएफ ने बुधवार को बताया कि हमला बेरूत में हुआ था, हालांकि हिजबुल्लाह की तरफ से अभी तक इस पर कुछ नहीं कहा गया है। इजरायल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) के अनुसार, मंगलवार को इजरायली नौसेना के सैनिकों ने बेरूत में हमला किया और हिज्बुल्लाह की दक्षिणी फ्रंट यूनिट के कमांडर हज यूसुफ इस्माइल हशेम को खत्म कर दिया। सेना ने दावा किया कि दक्षिणी फ्रंट यूनिट “इजरायली नागरिकों को निशाना बनाकर आतंकवादी गतिविधियां करने” और दक्षिणी लेबनान में “आईडीएफ सैनिकों के खिलाफ हिंसक अभियान” चलाने के लिए जिम्मेदार था। आईडीएफ के अनुसार ये हिज्बुल्लाह के लिए बड़ा झटका है क्योंकि हाशेम को 40 साल का अनुभव था। हशेम ने यह भूमिका तब संभाली थी जब कमांडर अली कराकी, सितंबर 2024 में इजरायली हमले में मारे गए थे। लेबनान की पब्लिक हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, इजरायल ने रात भर लेबनान की राजधानी पर हमले तेज कर दिए, जिसमें नौ लोग मारे गए और 29 घायल हो गए थे। सुबोध/०१-०४-२०२६