क्षेत्रीय
02-Apr-2026
...


- जिला एवं अपर सत्र न्यायालय का वर्चुअल उदघाटन, न्यायिक अधिकारियों के आवास निर्माण हेतु भूमिपूजन बिलासपुर (ईएमएस)। चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा द्वारा जिला रायगढ़ के अंतर्गत खरसिया में जिला एवं अपर सत्र न्यायालय का वर्चुअल शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही खरसिया में न्यायिक अधिकारियों के आवास निर्माण हेतु तथा सिविल जिला रायगढ़ के अंतर्गत जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के जिला एवं अपर सत्र न्यायालय परिसर में डिजिटल कंप्यूटर कक्ष के निर्माण हेतु वर्चुअल भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति सचिन सिंह राजपूत न्यायाधीश छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर एवं पोर्टफोलियो जज जिला रायगढ़ की उपस्थिति रही।चीफ जस्टिस ने कहा कि सिविल जिला रायगढ़ के खरसिया में नवीन जिला एवं अपर सत्र न्यायालय का प्रारंभ होना जिला न्यायपालिका में अधोसंरचना के उन्नयन के साथ ही समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुलभ एवं त्वरित न्याय की पहुँच सुनिश्चित किये जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खरसिया में नवीन जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायालय प्रारंभ होने से पक्षकारों को न सिर्फ त्वरित न्याय मिलेगा बल्कि उन्हें लंबित मामलो के समाधान के लिए रायगढ़ या अन्य दूरस्थ स्थानों के यात्रा की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने अधिवक्ता संघ के सदस्यों एवं न्यायालयीन कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें, जिससे न्यायालय की कार्यप्रणाली सुचारु एवं प्रभावी बनी रहे। आधुनिक तकनीक को बढ़ावा इस अवसर पर अन्य परियोजनाओं के अंतर्गत खरसिया (जिला रायगढ़) के न्यायिक अधिकारियों हेतु आवास तथा सारंगढ़ न्यायालय में डिजिटल कंप्यूटर कक्ष के निर्माण हेतु भूमि पूजन एवं शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से किया गया। ये परियोजनाएं डिजिटल कंप्यूटर कक्ष न्यायिक कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, रायगढ़ के स्वागत भाषण से हुई और समापन विशेष न्यायाधीश रायगढ़ के धन्यवाद ज्ञापन से हुआ। कार्यक्रम में छग. उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से तथा जिला न्यायालय रायगढ़, खरसिया एवं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारी और इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि शामिल थे। मनोज राज 04 अप्रैल 2026