बिलासपुर (ईएमएस)। रतनपुर क्षेत्र के पेंडरवा गांव में बुधवार को पुरानी रंजिश और कथित अवैध संबंधों को लेकर ऐसा खूनी संघर्ष हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। लंबे समय से चले आ रहे विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक, गांव के एक युवक और महिला के बीच कथित संबंध को लेकर दोनों परिवारों के बीच काफी समय से तनाव बना हुआ था। पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। बुधवार को इसी रंजिश के चलते नरेश श्रीवास अपने बेटों के साथ दूसरे पक्ष के घर में घुस गया और अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के घर में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हमले में 60 वर्षीय मुराद बी गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्हें बुरी तरह पीटा गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने गांव में भय और आक्रोश दोनों पैदा कर दिया है। इस हमले में कुल 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है। एक साथ इतने घायलों के पहुंचने से अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों में सोना परवीन, साक्षित परवीन, रेहान परवीन, शहनाज बेगम, अलीशा, अयान शेख, नाजिस समेत अन्य घायलों में रेहाना बेगम, शहनाज बेगम और शेख सहान परी का भी नाम सामने आया है। घटना के बाद पूरे पेंडरवा गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में डर के साथ-साथ भारी आक्रोश भी देखा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि छोटी-छोटी रंजिशें किस तरह भयावह रूप ले सकती हैं। मनोज राज 04 अप्रैल 2026