कांकेर(ईएमएस)। जिले के अंतागढ़ थाना क्षेत्र के कोनेचुर गांव में एक नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म का जघन्य मामला सामने आया है। गांव के ही युवक ने शादी करने का झांसा देकर नाबालिग के साथ बार-बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती गर्भवती हो गई तब परिजनों को इसकी जानकारी हुई। पीड़िता के परिजनों ने थाना अंतागढ़ पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके नाबालिग पुत्री को गांव के अशोक बघेल (पिता कृष्णा बघेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोनेचुर) ने बहला-फुसलाकर शादी का लालच दिया। इसके बाद आरोपी ने युवती के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। नाबालिग को जान से मारने की धमकी भी दी गई कि यदि किसी को इसकी जानकारी दी तो जान ले लेंगे। शिकायत पर थाना अंतागढ़ पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध क्रमांक दर्ज कर तुरंत कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भानुप्रतापपुर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी अशोक बघेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)02 अप्रैल 2026