कांकेर(ईएमएस)। जिले के कांकेर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से काफी कम वेतन दिए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। कर्मचारियों को हर महीने 2 से 3 हजार रुपये कम भुगतान किया जा रहा है, जिसके खिलाफ यूनियन ने कलेक्टर से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। अकुशल श्रमिकों के लिए शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी 10,656 रुपये प्रतिमाह है। लेकिन कॉलेज में काम कर रहे कर्मचारियों को पहले 8,000 रुपये और पिछले दो महीनों से मात्र 8,500 रुपये ही दिए जा रहे हैं। राजमिस्त्री मजदूर रेजा कुली एकता यूनियन के राज्य महासचिव ओम प्रकाश देवांगन ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि यह साफ तौर पर श्रमिकों का शोषण और उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार और मेडिकल कॉलेज प्रशासन लंबे समय से कर्मचारियों को न्यूनतम मजदूरी तथा श्रम कानूनों के अन्य लाभों से वंचित कर रहे हैं। यूनियन ने कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में निम्नलिखित मांगें रखी हैं ठेकेदार से बकाया राशि वसूल कर कर्मचारियों को तुरंत भुगतान कराया जाए,संबंधित कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए,दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर कानूनी कार्रवाई की जाए इसके अलावा यूनियन ने जिला श्रम पदाधिकारी को भी शिकायत दी है। यूनियन ने शिकायत के साथ कर्मचारियों के बैंक खातों की प्रतियां भी संलग्न की हैं, जिनमें कम वेतन भुगतान के सबूत दिए गए हैं। श्रम विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने का आश्वासन दिया है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)02 अप्रैल 2026