गुना (ईएमएस)। जिला पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बजरंगगढ़ थाना पुलिस ने अवैध गांजे की खेती पर बड़ी स्ट्राइक की है। पुलिस ने ग्राम सिरसीखुर्द में दबिश देकर एक खेत से गांजे के 100 हरे भरे पौधे जब्त किए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरसीखुर्द में जगदीश धाकड़ के खेत पर अवैध रूप से गांजे के पेड़ लगे हुए हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने कैंट थाने के बल के साथ मिलकर खेत की घेराबंदी की। पुलिस को देख आरोपी जगदीश धाकड़ ने भागने का प्रयास किया, जिसे मुस्तैद जवानों ने धर दबोचा। करीब 17 किलो गांजा बरामद तलाशी के दौरान करीब एक बीघा खेत में गांजे के पौधे लगे पाए गए। पुलिस ने साक्ष्यों के समक्ष सभी 100 पौधों को जड़ सहित उखाडक़र तौल कराया, जिसका कुल वजन 17.294 किलोग्राम निकला। पुलिस ने आरोपी जगदीश धाकड़ (44) को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। इस कार्रवाई में बजरंगगढ़ और कैंट थाने के पुलिस बल की सराहनीय भूमिका रही। -सीताराम नाटानी