- जबलपुर स्थित रेल कोचिंग डिपो की घटना, 2 घंटे की मशक्कत के बाद पुन: पटरी पर पहुंचा जबलपुर, (ईएमएस)। पमरे के जबलपुर स्थित कोचिंग डिपो में गुरूवार 2 अप्रैल की सुबह शंटिंग के दौरान एक डीजल इंजिन पटरी से उतर गया जिससे हड़कम्प मच गया। रेल प्रशासन ने बिना शोर-शराबा के संबंधित स्टाफ को मौके पर बुलाकर लगभग 2 घंटे की मशक्कत के बाद इंजिन को पटरी पर चढ़वा दिया। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जबलपुर मुख्यरेल्वे स्टेशन के समीप कोचिंग डिपो के कटनी छोर पर गुरुवार सुबह डीजल इंजिन क्रमांक 11528 कुछ कोचों को लेकर शंटिंग कर रहा था कि इसी दौरान अचानक इंजिन का पहिया पटरी से उतर गया जिससे मौके पर हड़कम्प मच गया। तत्काल ही इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई। बाद में दुर्घटना राहत विभाग के स्टाफ को मौके पर बुलवाया गया, फिर इंजिन को पटरी पर चढ़ाने का काम शुरू किया गया। रेल सूत्रों के अनुसार आमतौर पर इस तरह की घटना के लिए खतरे का सायरन बजाया जाता है, ताकि दुर्घटना राहत विभाग का स्टाफ एक्टिव हो सके, किंतु इस बार रेल प्रशासन ने खतरे का सायरन न बजाकर चुपचाप काम कर लिया, ताकि इस घटना की सूचना को स्थानीय स्तर पर ही दबाया जा सके। रेल इंजिन के पटरी से उतरने का क्या कारण है, इसका कारण अज्ञात है। अजय पाठक / मोनिका / 02 अप्रैल 2026/ 3.17