राज्य
02-Apr-2026
...


नवी मुंबई, (ईएमएस)। साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच नवी मुंबई से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सायबर पुलिस ठाणे नवी मुंबई में 62 वर्षीय सेवानिवृत्त व्यक्ति से 1 करोड़ 54 लाख 98 हजार रूपये की ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों ने खुद को एटीएस अधिकारी बताकर गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाते हुए यह रकम ऐंठी। मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित विनायक गोविंद देशमुख (62), निवासी कलंबोली, पनवेल ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 18/2026 दर्ज किया गया है और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2008 की धारा 66(डी) के तहत केस दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार, 23 मार्च से 31 मार्च के बीच आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से पीड़ित से संपर्क किया। वॉट्सऐप वीडियो कॉल और सिग्नल ऐप के जरिए खुद को एटीएस अधिकारी बताया। साथ ही भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का फर्जी पत्र भेजकर भरोसा जीतने की कोशिश की। आरोपियों ने गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की धमकी देते हुए “संपत्ति सत्यापन” के नाम पर पैसे मांगे। डर के माहौल में पीड़ित ने अलग-अलग बैंक खातों में किस्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। कुल मिलाकर 1.54 करोड़ रूपये से अधिक की ठगी की गई। 1 अप्रैल को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जांच अजित कानगुडे और विशाल पाटील द्वारा की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है। अनजान व्यक्तियों पर भरोसा न करें, खासकर जो खुद को सरकारी अधिकारी बताएं। आरबीआई/एटीएस/सीबीआई के नाम पर आने वाले कॉल या संदेश की पुष्टि जरूर करें और किसी भी दबाव में आकर ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। ‎स्वेता/संतोष झा-०२ अप्रैल/२०२६/ईएमएस