राष्ट्रीय
02-Apr-2026


-गेहूं लेकर आने वाले ट्रैक्टर या अन्य वाहन पर नंबर प्लेट होना का अनिवार्य पलवल,(ईएमएस)। जिले में बुधवार से पलवल, होडल, हथीन, हसनपुर अनाज मंडियों में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरु होनी थी, लेकिन पहले दिन पलवल मंडी में करीब चार हजार क्विंटल गेहूं लेकर किसान पहुंचे, लेकिन हैफेड व वेयर हाउस के अधिकारियों ने नहीं खरीदा। दिनभर किसान अधिकारियों का इंतजार करते रहे। अनाज मंडी के सचिव ने बताया कि खरीद एजेंसियों के पास कुछ कागजों कमी थी, जिसके चलते अधिकारियों ने खरीद नहीं की। गुरुवार से खरीद शुरू होने की उम्मीद थी। इस बार किसानों से 2,585 रुपए प्रति क्विंटल की दर से गेहूं खरीदा जाएगा। खरीद के 48 घंटे के भीतर किसानों के खाते में भुगतान करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा प्रशासन के दावों के विपरीत जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है, जहां मंडियों में जरूरी इंतजाम अभी अधूरे नजर आ रहे हैं। इस बार भी गेहूं खरीद खुले आसमान के नीचे ही होगी, क्योंकि मंडी में बनाए गए टीन शेड में सरसों के कट्टे रखे हुए हैं। इसके अलावा गेहूं उठान के लिए वाहनों की व्यवस्था भी निविदा प्रक्रिया में फंसी है, जिससे खरीद शुरू होते ही व्यवस्था चरमराने का अंदेशा है। जिले में इस बार 22700 हैक्टेयर भूमि में गेहूं की बुआई की गई, जिसमें 42481 किसानों ने पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया था। इस बार खरीद प्रक्रिया में कुछ नए नियम भी लागू किए गए हैं, जिनका पालन किसानों के लिए जरूरी होगा। मंडी में गेहूं लेकर आने वाले ट्रैक्टर या अन्य वाहन पर नंबर प्लेट होना का अनिवार्य किया गया है। किसान की स्वयं मौजूदगी भी जरूरी होगी। यदि किसान खुद नहीं आता है, तो उसे पहले से पोर्टल पर तीन नामिनी दर्ज करने होंगे, जिनमें से अधिकृत व्यक्ति ही फसल बेच सकेगा। कई किसानों को नए नियम का जानकारी नहीं होने से वे पुराने बिना नंबर के ट्रैक्टरों पर अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच गए। जहां उन्हें गेट पर ही रोक दिया। मंडी में एक-एक करके ट्रैक्टर लेकर किसान पहुंचते रहे। गेट पर खड़े कर्मचारी किसान व ट्रैक्टर की फोटों खींचकर अपलोड कर रहे थे। इससे पहले जिले में जिला उपायुक्त वशिष्ठ ने अनाज मंडियों में फसल खरीद प्रक्रिया का सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालन सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को होडल स्थित अनाज मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने इसके उपरांत हथीन के विधायक मोहम्मद इसराइल के साथ उपमंडल हथीन स्थित अनाज मंडी में पहुंचकर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और सुविधाओं का जायजा लिया। सिराज/ईएमएस 02अप्रैल26