राज्य
02-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। हनुमान जयंती के अवसर पर राम मंदिर पहुंचे नेताम ने कहा कि बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है और उसका असर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस ने भगवान राम के आतिथ्य को स्वीकार नहीं किया, उसी दिन से उसके पतन की शुरुआत हो गई थी। नेताम ने दावा किया कि कांग्रेस की विचारधारा समाप्ति की ओर है और उसे आत्ममंथन कर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। नक्सलवाद के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के खात्मे की शुरुआत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि देश में राम राज्य स्थापित करने का संकल्प लिया गया है और यह बजरंगबली के आशीर्वाद से ही संभव है। कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर तंज कसते हुए नेताम ने कहा कि पार्टी को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए जिला अध्यक्षों के कामकाज की मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं, खाद संकट के कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री नेताम ने कहा कि देश में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा बिचौलियों का समर्थन करती आई है। सरकार सख्ती से काम कर रही है ताकि कहीं भी खाद का अवैध भंडारण न हो सके। नक्सलमुक्त गांवों के लिए विशेष पैकेज की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार सभी आवश्यक कदम उठाएगी और जनता को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026