राज्य
02-Apr-2026


आईपीएल में ‘तेरी भी चुप, मेरी भी चुप’ का खेल जबलपुर, (ईएमएस)। आईपीएल क्रिकेट मैच के साथ ही शहर में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार एक बार फिर तेज हो गया है। हालात ऐसे हैं कि हर किसी को पता है कि युवा से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में लोग इस जाल में फंस रहे हैं, लेकिन आधिकारिक तौर पर सब कुछ सामान्य दिख रहा है। हफ्ता बीत बीत जाने के बाद भी पुलिस को जिले में कोई बड़ा या नामचीन सटोरिया हाथ नहीं लगा है। हालांकि पुलिस का दावा है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सटोरियों को पकड़ने के लिए पूरी “फिल्डिंग” लगा दी गई है। सूत्रों के अनुसार अब सट्टा पूरी तरह डिजिटल हो चुका है। बुकी पहले अपने चुनिंदा ग्राहकों को व्हाट्सऐप के जरिए ऐप का लिंक भेजते हैं। लिंक से सीधे मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कराया जाता है। कई लोग वीपीएन का उपयोग कर दांव लगा रहे हैं ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। मैच के रेट, सेशन और अन्य जानकारी सीधे मोबाइल पर दी जाती है। हार-जीत का पैसा सीधे बैंक खातों में ट्रांसफर होने की चर्चा है। पूरा नेटवर्क हाईटेक तरीके से संचालित किया जा रहा है, जिससे जमीनी स्तर पर पकड़ बनाना मुश्किल हो रहा है। पुलिस से चार कदम आगे सटोरिए… आईपीएल क्रिकेट सट्टा खिलाने वालों पर कार्रवाई के लिए पुलिस थाना और क्राइम ब्रांच अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय बताए जा रहे हैं। साइबर सेल की मदद से ऑनलाइन नेटवर्क ट्रैक करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि जानकारों का कहना है कि पहले की तुलना में पुलिस का मुखबिर तंत्र कमजोर पड़ा है और सटोरिए हर कदम पर पुलिस से आगे चल रहे हैं। क्राइम ब्रांच कुछ चिन्हित इलाकों में छापेमारी की तैयारी में है, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है। मुंबई कनेक्शन और सिंडीकेट की चर्चा .. पुलिस सूत्रों के मुताबिक आईपीएल के दौरान मुंबई के कुछ बड़े सटोरियों ने भी बड़े पैमाने पर सट्टा खाने की तैयारी की है। जबलपुर के साथ कटनी, दमोह, मंडला, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, सतना, शहडोल और अनूपपुर सहित आसपास के जिलों में भी नेटवर्क फैलने की खबर है। बताया जा रहा है कि एक बड़ा सिंडीकेट सक्रिय है, जो रिहायशी इलाकों के खाली पड़े मकानों से हाईटेक तरीके से सट्टा संचालित कर रहा है। इन इलाकों पर पुलिस की नजर … शहर के गोरखपुर, गोहलपुर, ओमती, अधारताल, रांझी, विजय नगर, मदनमहल, भेड़ाघाट, गढ़ा, बरगी, ग्वारीघाट, माढ़ोताल, कोतवाली, लार्डगंज, पाटन, बरेला, मझौली, सिहोरा और खितौला थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखे जाने की बात कही जा रही है। बीते कुछ दिनों से बड़ा फुहारा, राइट टाउन, विजय नगर, गोरखपुर, हनुमानताल और निवाड़गंज क्षेत्रों में भी सट्टा होने की चर्चाएं गर्म हैं। सवाल बरकरार … रोज बड़े मैच हो रहे हैं, लाखों के दांव लगने की चर्चा है, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सन्नाटा है। ऐसे में शहर में यह सवाल उठ रहा है कि क्या सटोरिए पुलिस से आगे हैं या फिर सब कुछ जानकर भी अनजान बना जा रहा है. फिलहाल आईपीएल के हर मैच के साथ सट्टे का बाजार भी गर्म है। हर जगह चर्चा है, लेकिन कागजों में कहीं कुछ नहीं तेरी भी चुप, मेरी भी चुपके बीच खेल जारी है। सुनील साहू / शहबाज / 02 अप्रैल 2026/ 6.28