शिकायत पर कार्रवाई, निजी भूमि पर हो रहा था निर्माण जबलपुर, (ईएमएस)। नगर निगम के रानी लक्ष्मीबाई वार्ड में गौर नदी से लगी सरकारी जमीन पर किए जा रहे अवैध निर्माण को जिला प्रशासन ने हटवा दिया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की शिकायत के बाद की गई। ग्रामीणों का कहना था कि सरकारी जमीन और सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कर मस्जिद का विस्तार किया जा रहा था, जिससे ‘रज्जाक डेरी’ से गौर नदी तक जाने वाला पुराना रास्ता बंद हो गया था। शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग ने जांच कराई। पटवारी द्वारा किए गए सीमांकन में पता चला कि खसरा नंबर 137 की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। जहां 450 वर्ग फीट निजी भूमि थी, वहां करीब 1500 वर्ग फीट में निर्माण और विस्तार किया जा रहा था। प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए रास्ता रोक रहे हिस्से को जमींदोज कर दिया। संयुक्त तहसीलदार, क्षेत्रीय पटवारी और पुलिस चौकी प्रभारी की मौजूदगी में भारी पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाया गया। जिला प्रशासन के अनुसार, यह जमीन मूल रूप से दुबे परिवार की थी। वारिस के लापता होने का फायदा उठाकर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण किया जा रहा था। अधिकारियों ने कहा है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सुनील साहू / शहबाज / 02 अप्रैल 2026/ 6.28