इन्दौर (ईएमएस) दुष्कर्म के मामले में सजा काट रहा विवादित संत आसाराम बापू आज सुबह अचानक इंदौर के सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल चेकअप के लिए पहुंचा। सुबह करीब 10 बजे उसके 10-15 करीबी अनुयायियों ने पहले साइड गेट से अस्पताल में पहुंच स्टाफ से संपर्क कर तैयारियां शुरू की इसके करीब एक घंटे बाद ग्रे कलर की कार से आसाराम अस्पताल पहुंचा। आसाराम को व्हीलचेयर दी गई, लेकिन उसने बैठने से इनकार कर दिया और रेलिंग का सहारा लेकर धीरे-धीरे अंदर पहुंचा। इस दौरान पूरे इलाके को लगभग सील कर दिया गया था और आम लोगों की एंट्री पर रोक लगा हर गेट पर सुरक्षा गार्ड तैनात कर दिए गए थे।अस्पताल में आसाराम का चेकअप और जरूरी जांचें की गईं। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते उसे यहां लाया गया था। पूरे घटनाक्रम के दौरान केवल डॉक्टरों और इमरजेंसी स्टाफ को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई, जबकि अन्य लोगों को दूर रखा गया। बताया जा रहा है जिस आसाराम फिलहाल इंदौर में ही रुका हुआ है। इसी बीच खंडवा रोड स्थित उसके आश्रम में धार्मिक कार्यक्रम की तैयारी चल रही है, जहां उसके पहुंचने की भी चर्चा तेज है। अचानक हुई इस गोपनीय एंट्री और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था ने एक बार फिर पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। ज्ञात हो कि इसके पहले करीब आठ महीने पहले अगस्त में उसे दिल की तकलीफ के चलते विशेष जुपिटर हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां 1 से 3 अगस्त तक उसकी हालत नाजुक बनी रही। जांच में हार्ट से जुड़ी समस्या सामने आने के बाद उसे गहन निगरानी में रखा गया था और 6 अगस्त को छुट्टी दी गई थी। आनंद पुरोहित/ 02 अप्रैल 2026