बगदाद (ईएमएस)। इराक की राजधानी बगदाद में अमेरिकी दूतावास ने गंभीर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि ईरान समर्थित इराकी सशस्त्र गुट अगले 24 से 48 घंटों में मध्य बगदाद में हमले कर सकते हैं। इस इलाके में कई विदेशी दूतावास और महत्वपूर्ण सरकारी भवन हैं, इसलिए इसे सुरक्षा के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। अमेरिकी नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे बिना देर किए इराक छोड़ दें और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें। अमेरिकी दूतावास ने बयान जारी कर चेतावनी दी कि ईरान समर्थित मिलिशिया समूह शहर के मध्य हिस्से को निशाना बना सकते हैं। यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब मध्य पूर्व में भू-राजनीतिक तनाव बढ़ा हुआ है और अमेरिका अपने नागरिकों और राजनयिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। दूतावास ने एक बार फिर अमेरिका में रह रहे नागरिकों को आगाह किया कि वे तत्काल प्रभाव से इराक से निकल जाएं। सुरक्षा खतरों के बीच, दो दिन पहले बगदाद में अमेरिकी पत्रकार का अपहरण भी किया गया। इराक के गृह मंत्रालय ने बताया कि अपहरणकर्ता अभी भी फरार हैं, हालांकि एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपहरण में इस्तेमाल वाहन जब्त कर लिए गए हैं। मंत्रालय ने बताया कि सुरक्षा बल खुफिया जानकारी के आधार पर अपहरणकर्ताओं का पता लगाने के लिए अभियान चला रहे हैं। इन घटनाओं के बीच, मध्य बगदाद के इलाके में अमेरिकी नागरिकों, राजनयिकों और पत्रकारों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। अमेरिकी दूतावास की चेतावनी और पत्रकार अपहरण की घटना दोनों यह संकेत देती हैं कि शहर में हालात अत्यंत संवेदनशील हैं और नागरिकों को तत्काल सतर्क रहने की जरूरत है। आशीष दुबे / 02 अप्रैल 2026