व्यापार
02-Apr-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गुरुवार को भारतीय रुपया 30 पैसे की बढ़त के साथ ही 93.13 पर बंद हुआ। वहीं गत दिवस रुपया 93.44 पर बंद हुआ। रुपया आज सुबह अपने सबसे निचले स्तर से उबरते हुए अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 93.19 पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने डॉलर के मुकाबले रुपए में तेज गिरावट के बीच बुधवार को अधिकृत डीलरों के लिए कई नए कदमों की घोषणा की जिसके बाद से ही रुपया संभला है।आरबीआई ने निर्देश दिया है कि अधिकृत डीलर यानी विदेशी मुद्रा लेनदेन की अनुमति वाले बैंक अब रुपये से जुड़े नॉन-डिलीवेरेबल डेरिवेटिव (एनडीडी) अनुबंधों की पेशकश निवासी एवं अनिवासी ग्राहकों के लिए नहीं कर सकेंगे। हालांकि, अधिकृत डीलर बैंकों को डिलीवेरेबल विदेशी मुद्रा डेरिवेटिव अनुबंध पेश करने की अनुमति जारी रहेगी, जिससे ग्राहकों को जोखिम से बचाव मिल सके। इसके साथ ही शर्त यह है कि ग्राहक इसके समानांतर नॉन-डिलीवेरेबल सौदे नहीं कर सकेंगे। इससे पहले, आरबीआई ने अधिकृत डीलर बैंकों के लिए विदेशी मुद्रा बाजार में रुपए की नेट ओपन पोजीशन (विदेशी मुद्रा में कुल खरीद एवं बिक्री के बीच का अंतर) पर 10 करोड़ डॉलर की सीमा भी तय की थी। वहीं विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि हालांकि विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी, मजबूत होते डॉलर और अस्थिर भू-राजनीतिक हालात के बीच बढ़ती कच्चे तेल की कीमतों के कारण घरेलू मुद्रा पर दबाव अब भी बना हुआ है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.62 प्रति डॉलर पर खुला और शुरुआती सौदों में तेजी से बढ़कर 93.19 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 151 पैसे या 1.6 फीसदी की बढ़त दर्शाता है। रुपया सोमवार को कारोबार के दौरान पहली बार 95 के स्तर के पार चला गया था। हालांकि अंत में थोड़ा संभलता हुआ 94.85 प्रति डॉलर के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। महावीर जयंती के अवकाश के उपलक्ष्य में मंगलवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद थे। ईएमएस 02अप्रैल 2026