क्षेत्रीय
02-Apr-2026


महासमुंद(ईएमएस)। शहर स्थित कांग्रेस भवन उस समय अखाड़े में तब्दील हो गया, जब पार्टी नेताओं के बीच विवाद मारपीट में बदल गया। घटना में कई नेता आपस में भिड़ गए, जिससे भवन के अंदर कुर्सियां और कांच के सामान टूट गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। जानकारी के अनुसार, दोपहर 2 बजे कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव की ओर से महंगाई के मुद्दे पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई थी। इसमें पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर, डॉ. रश्मि चंद्राकर, गुरमीत चावला सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। पत्रकार वार्ता समाप्त होने के बाद करीब साढ़े 3 बजे कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद विजय साव, पूर्व ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष ढेलू निषाद और कार्यकर्ता निर्मल जैन के बीच कार्यक्रम की सूचना को लेकर विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सूचना देने और उपस्थिति को लेकर हुई बहस अचानक उग्र हो गई और देखते ही देखते तीनों के बीच जूतम-पैजार शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि एक-दूसरे पर प्लास्टिक की कुर्सियां फेंकी गईं, जिससे भवन में रखा सामान टूट गया। मारपीट में तीनों के कपड़े भी फट गए। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति संभाली। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली प्रभारी दिनेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बाद में पुलिस की सख्ती के बाद विजय साव को भवन से बाहर किया गया। घटना से नाराज कांग्रेस नेताओं ने विजय साव के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी की है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)02 अप्रैल 2026