02-Apr-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। संस्कारधानी का मसीही समाज आज शुक्रवार को गुड फ्राइडे का पर्व मनायेगा। इस दिन क्रूस पर प्रभु येसू की मृत्यु हुई थी। प्रभु यीशु ने संसार को प्रेम और शांति का संदेश दिया। उन्होंने कहा जो मेरा अनुसरण करना चाहता है, वह अपना क्रूस उठाकर मेरे पीछे हो ले। पुण्य शुक्रवार के पावन अवसर पर प्रातः 7.30 बजे से होली ट्रिनिटी चर्च, नेपियर टाउन, जबलपुर से क्रूस की दुःखमयी यात्रा प्रारंभ होगी। यह क्रूस यात्रा प्रातः 7.30 बजे से होली ट्रिनिटी चर्च से प्रारंभ होकर भंवरताल उद्यान, गुलाटी साइकिल कंपनी, जबलपुर हॉस्पिटल रसल चौक, राजीव गांधी चौक, नगर निगम चौक, मोटर स्टैंड, नव भारत प्रेस, संत नार्बट स्कूल के सामने से होती हुई वापिस चर्च प्रांगण में क्रूस आरोहरण के साथ समाप्त होगी। बताया गया है कि इस क्रूस यात्रा में प्रभु यीशु के दुख भोग के दृश्यों का सजीव मंचन किया जायेगा। इसमें प्रभु येसु को पिलातुस द्वारा प्राण दंड की आज्ञा से लेर कलवारी पहाड़ में क्रूस पर लटकते हुए असहनीय कष्टों एवं दर्द के उपरांत क्रूस मृत्यु का सजीव मंचन होगा। होली ट्रिनिटी चर्च, नेपियर टाउन एवं समस्त पल्लीवासी तथा पल्ली परिषद के सदस्यों ने जबलपुर नगर के समस्त मसीही जनों से गुड फ्राइडे को प्रातः 7.30 बजे क्रूस यात्रा में शामिल होने की अपील की है। सुनील साहू / मोनिका / 02 अप्रैल 2026/ 6.19