नई दिल्ली(ईएमएस)। दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने दिल्ली में लगे 1.40 लाख चीनी सीसीटीवी कैमरों हटाने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह कदम राष्ट्रीय सुरक्षा और डेटा जासूसी के खतरों को कम करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में पीडब्ल्यूडी ने चीनी चिपसेट वाले इंटरनेट कनेक्टेड 2,74,389 सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जिसमें 1.40 लाख कैमरे हिकविजन नाम की चीनी कंपनी के हैं जो आम आदमी पार्टी की सत्ता में लगाए गए थे। गौरतलब है कि हाल ही में दिल्ली और गाजियाबाद से जुड़े जासूसी रैकेट का खुलासा हुआ था। इसके बाद सीसीटीवी सिस्टम की सुरक्षा पर सवाल उठे। जांच में सामने आया कि संवेदनशील जगहों पर लगाए गए कैमरों का लाइव फुटेज सीमा पार पाकिस्तान भेजा जा रहा था। इसके बाद केंद्र सरकार ने देशभर में सीसीटीवी नेटवर्क की जांच का फैसला लिया था। यह कदम भी इसी के मद्देनजर उठाया गया है। विनोद उपाध्याय / 02 अप्रैल, 2026