नई दिल्ली (ईएमएस)। चेक बाउंस मामले में फंसे अभिनेता राजपाल यादव को लेकर अब सुनवाई के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है। फैसला अगली तारीख पर सुनाया जाएगा। दिल्ली हाई कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव के खिलाफ दायर चेक बाउंस मामले पर सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया। कोर्ट ने गुरुवार को सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई समझौता नहीं हो सका। वहीं, अभिनेता का कहना है कि वह कोर्ट के हर फैसले का सम्मान करेंगे। मामले में राजपाल यादव के वकील एडवोकेट भास्कर उपाध्याय का कहना है कि कोर्ट के सामने अपनी सारी बातें रखी हैं और कोर्ट ने हमारे पक्ष को सुना। मामला अगली सुनवाई तक के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। राजपाल यादव कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं और हर फैसला मानने के लिए तैयार हैं। वकील ने यह भी कहा कि अभिनेता का मामला बीते कई सालों से एकतरफा चला आ रहा है और उनसे लगातार बढ़ाकर पैसे मांगे गए हैं। अभिनेता का भी 18-20 करोड़ का नुकसान हुआ है, उसको लेकर कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। कोर्ट ने हमारे पक्ष को सुना है। सुबोध/०२-०४-२०२६