खेल
02-Apr-2026
...


:: उलटफेर भरा रहा सेमीफाइनल : बालक वर्ग के फाइनल में प्रयाग का सामना शिवराज से, बालिका वर्ग में सान्वी के सामने होंगी सारा :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर टेनिस क्लब के कोर्ट पर मध्य प्रदेश टेनिस संघ के तत्वावधान में जारी इंदौर ओपन एशियन जूनियर अंडर-14 टेनिस स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबलों में गुरुवार को अनसीडेड खिलाड़ियों का तूफान आया, जिसमें टूर्नामेंट के दिग्गज और शीर्ष वरीय खिलाड़ी उड़ गए। प्रयाग पटेल, एस. शिवराज, सान्वी मोहन और सारा फेंगसे ने अपने-अपने वर्गों में करिश्माई प्रदर्शन करते हुए खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है। शुक्रवार दोपहर 3 बजे से होने वाली फाइनल भिड़ंत में अब इन युवा सितारों के बीच श्रेष्ठता की जंग होगी। बालक एकल के सेमीफाइनल में सबसे बड़ा धमाका गैर-वरीय प्रयाग पटेल ने किया। उन्होंने टूर्नामेंट के शीर्ष वरीय देवांश कंबोज को सीधे सेटों में 6-3, 6-3 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। प्रयाग ने पूरे मैच के दौरान लाजवाब लय बरकरार रखी और पहले सेट में उम्दा ग्राउंड स्ट्रोक व सर्विस की बदौलत बढ़त हासिल की। दूसरे सेट में देवांश ने वापसी की कोशिश की, लेकिन प्रयाग ने उनकी सर्विस तोड़ते हुए जीत सुनिश्चित की। दूसरे सेमीफाइनल में चौथी वरीयता प्राप्त एस. शिवराज ने बड़ा उलटफेर करते हुए दूसरी वरीयता प्राप्त मानव पटेल को तीन सेटों के संघर्ष में 6-1, 2-6, 7-5 से मात दी। शिवराज ने पहले सेट में आसानी से जीत दर्ज की, लेकिन दूसरे सेट में लय खो दी। हालांकि, तीसरे सेट में उन्होंने जबरदस्त वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया और फाइनल में दस्तक दी। बालिका एकल के पहले सेमीफाइनल में गैर-वरीय सान्वी मोहन ने मैराथन मुकाबले में शीर्ष वरीयता प्राप्त पी. वट्टाप्रम्बिल को 6-4, 4-6, 6-2 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। सान्वी ने पहले सेट में दमदार खेल दिखाया, लेकिन दूसरे सेट में वट्टाप्रम्बिल ने वापसी की। निर्णायक तीसरे सेट में सान्वी ने अपनी उम्दा सर्विस और फोरहैंड शॉट के दम पर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में उनका सामना छठीं वरीयता प्राप्त सारा फेंगसे से होगा। सारा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथी वरीयता प्राप्त संरचना दास को सीधे सेटों में 6-2, 6-0 से शिकस्त दी। सारा के आक्रामक खेल के सामने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी बेबस नजर आईं। स्पर्धा निदेशक परीक्षित शर्मा ने बताया कि टूर्नामेंट के एकल व युगल वर्ग के फाइनल मुकाबले शुक्रवार दोपहर 3 बजे से शुरू होंगे। इसके उपरांत आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि आईजी बीएसएफ टीपीएस सिद्धू विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। प्रकाश/02 अप्रैल 2026