मुंबई (ईएमएस)। भारतीय अभिनेत्री हुमा कुरैशी की हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक जैक स्नाइडर ने खुलकर तारीफ की है। हुमा को उन्होंने अपनी फिल्म आर्मी ऑफ डेड में काम करने वाले सबसे शानदार कलाकारों में से एक बताया। हाल ही में जैक स्नाइडर ने इंस्टाग्राम पर हुमा की एक तस्वीर साझा करते हुए उनकी प्रतिभा, स्क्रीन प्रेजेंस और दमदार अभिनय की सराहना की। अपने पोस्ट में स्नाइडर ने लिखा कि हुमा कुरैशी उन बेहतरीन अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिनके साथ उन्हें काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि हुमा में जबरदस्त टैलेंट के साथ एक खास स्क्रीन प्रेजेंस और चमक है, जो उन्हें अलग बनाती है। इस पोस्ट के सामने आते ही मनोरंजन जगत के कई कलाकारों ने भी प्रतिक्रिया दी। खुद हुमा कुरैशी ने कमेंट करते हुए आभार जताया, जबकि फराह खान ने भी इस पर खुशी जाहिर की। ‘आर्मी ऑफ द डेड’ एक जॉम्बी-थीम पर आधारित एक्शन फिल्म है, जिसकी कहानी लास वेगास में फैले खौफनाक हालात के बीच एक समूह द्वारा कसीनो में डकैती की योजना पर केंद्रित है। यह फिल्म स्नाइडर के उसी आइडिया से प्रेरित है, जिसे उन्होंने अपनी 2004 की फिल्म डॉन ऑफ डेड के बाद विकसित किया था। फिल्म में कई अंतरराष्ट्रीय सितारे नजर आए थे, जिनमें डेव बॉतिस्ता, एला पर्नेल, ओमारी हार्डविक, एना डे ला रेग्वेरा, थियो रॉसी और अन्य कलाकार शामिल हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो हुमा कुरैशी जल्द ही फिल्म टाक्सिक: ए फेयरी टेल फार ग्रोन-यूपीएस में दिखाई देंगी। यह एक गैंगस्टर एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। फिल्म में यश मुख्य भूमिका में हैं और उन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है। इसके अलावा नयनतारा, कियारा आडवानी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम किरदारों में नजर आएंगी। फिल्म की रिलीज पहले 19 मार्च 2026 को तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया। अब यह फिल्म 4 जून 2026 को वैश्विक स्तर पर सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। सुदामा/ईएमएस 03 अप्रैल 2026