राज्य
03-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने कभी छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद पूरी तरह समाप्त नहीं होने देना चाहा। विकास और प्रदेश की खुशहाली से इनका कोई वास्ता नहीं है। अरुण साव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भूपेश बघेल बार-बार बस्तर से सुरक्षा बलों को वापस लौटाने का सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बघेल की सरकार में पुलिस और सुरक्षा जवानों के हाथ बांध दिए गए थे। उनकी सरकार बनते ही नक्सलियों ने खुशी मनाई थी। आज भी उनकी मंशा साफ दिख रही है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समय आएगा तो सुरक्षा बल भी बस्तर से लौटाए जाएंगे, लेकिन फिलहाल नक्सलवाद के खिलाफ अभियान पूरी ताकत से जारी है।अरुण साव ने 16,000 नक्सल प्रभावितों के पुनर्वास पर जानकारी देते हुए बताया कि नक्सलवाद समाप्त करने के लिए सरकार ने हर स्तर पर तैयारी की थी। नक्सली सरेंडर करने पर उन्हें बेहतर पुनर्वास पैकेज दिया जाएगा, वहीं आम नागरिकों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मजबूत रणनीति का नतीजा है कि बहुत कम समय में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की कमर टूट गई है।पश्चिम बंगाल में SIR प्रक्रिया से जुड़े न्यायिक अधिकारी को बंधक बनाने और सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी पर अरुण साव ने ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून का राज नहीं चल रहा, बल्कि ममता बनर्जी की तानाशाही चल रही है। राज्य संविधान से नहीं, बल्कि एक व्यक्ति की मर्जी से चलाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने भविष्यवाणी की कि पश्चिम बंगाल की जनता जल्द ही ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकेगी।वैट में छूट खत्म होने से पेट्रोल के दाम बढ़ने पर अरुण साव ने कहा कि आम जनता सरकार के साथ मजबूती से खड़ी है। हम सब मिलकर इस वैश्विक चुनौती का सामना करेंगे। वैश्विक स्थिति सामान्य होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में सुधार देखने को मिलेगा।पूर्व विधायक और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े मनीष कुंजाम द्वारा नक्सली कमांडर के समर्पण को बड़ी डील बताए जाने पर अरुण साव ने साफ कहा कि यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नक्सली अपनी स्वेच्छा से सरेंडर पॉलिसी से प्रभावित होकर समर्पण कर रहे हैं, किसी भी तरह की अनुचित डील नहीं हुई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026