सूरजपुर(ईएमएस)। जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां आमतौर पर बहू के पीड़ित होने की खबरों के उलट सास ने ही अपनी बहू पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए इच्छामृत्यु की मांग कर दी है। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों में बढ़ते तनाव और बदलते सामाजिक समीकरणों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के लटोरी क्षेत्र की रहने वाली शकुंतला पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी बहू रागनी मिश्रा पर मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बहू लगातार पैसों की मांग कर रही है और मानसिक रूप से परेशान कर रही है। शकुंतला पाण्डेय ने बताया कि 3 अक्टूबर 2021 को उनकी बहू ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर घर छोड़ दिया था, जिसके बाद उनके बेटे वेद प्रकाश और पूरे परिवार को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अब करीब चार साल बाद बहू के वापस लौटने के बाद परिवार में फिर से तनाव की स्थिति बन गई है। सास का आरोप है कि बहू दोबारा से दबाव बनाकर उन्हें प्रताड़ित कर रही है। इसी से परेशान होकर उन्होंने इच्छामृत्यु की मांग की है। इस पूरे मामले में पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेज दिया है। यहां समझाइश और बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस का प्रयास है कि आपसी सहमति से इस पारिवारिक विवाद का समाधान निकाला जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026