क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


- बारात निकलने से पहले ही रुकवाई शादी रायगढ़(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग लड़के की शादी रुकवा दी। शुक्रवार को बारात निकलने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही अधिकारियों की संयुक्त टीम गांव पहुंच गई और दस्तावेजों की जांच में दूल्हा नाबालिग पाया गया। यह पिछले 8 दिनों में बाल विवाह रोकने की दूसरी बड़ी कार्रवाई है। प्रशासन को सूचना मिली थी कि रायगढ़ विकासखंड के एक गांव में 3 अप्रैल को नाबालिग बालक की शादी की तैयारी चल रही है, जबकि उसकी उम्र 21 वर्ष से कम थी। सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस के सहयोग से संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने गांव पहुंचकर बालक के शैक्षणिक और अन्य दस्तावेजों की जांच की, जिसमें उसकी उम्र 20 साल 5 माह पाई गई जो कि कानूनी विवाह आयु (21 वर्ष) से कम है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बालक और बालिका पक्ष के परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी प्रावधानों और दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने अपनी गलती स्वीकार की। परिजनों ने सहमति जताई कि बालक के 21 वर्ष पूरे होने तक विवाह नहीं किया जाएगा। मौके पर ही दोनों पक्षों से लिखित घोषणा पत्र और राजीनामा पत्र भी भरवाया गया। इस कार्रवाई में ग्राम सरपंच, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, परियोजना अधिकारी, पुलिसकर्मी, संरक्षण अधिकारी, विधिक सह परिवीक्षा अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल रहे। सत्यप्रकाश(ईएमएस)03 अप्रैल 2026