क्षेत्रीय
03-Apr-2026
...


मुंगेर, (ईएमएस)। बिहार के मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त न्यायालय में तैनात एक लिपिक (पेशकार) को विजिलेंस जांच ब्यूरो (वीआईबी) की टीम ने 1.7 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ा और आगे की पूछताछ के लिए उसे मुंगेर सर्किट हाउस ले जाया गया। मेडिकल जांच के बाद उसे अदालत में पेश किया गया जहाँ से उसे तीन दिन की हिरासत में भेज दिया गया। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी मुकेश कुमार ने बेगूसराय जिले के पचवीर गांव निवासी नंद किशोर प्रसाद सुमन से एक जमीन विवाद मामले को आगे बढ़ाने और जांच में मदद करने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की थी। दबाव में आकर सुमन ने पहले 3 लाख रुपये दे दिए थे, लेकिन बाद में उन्होंने विजिलेंस विभाग से शिकायत की। शिकायत के आधार पर विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी शेष 1.7 लाख रुपये रिश्वत के रूप में ले रहा था, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस विभाग के अनुसार, यह मामला लगभग तीन कट्ठा सरकारी जमीन से जुड़ा है, जो काजी हाउस के नाम पर दर्ज है। आरोप है कि इस जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अवैध रूप से ट्रांसफर करने की कोशिश की जा रही थी। जमीन की कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस मामले में यह भी आरोप है कि मोहम्मद जावेद और अन्य लोगों ने फर्जी कागजात तैयार कर जमीन के आधार पर बैंक से लोन भी लिया। शिकायतकर्ता ने यह मामला अप्रैल 2025 में दर्ज कराया था। विजिलेंस डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि 15 दिनों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। संतोष झा-०३ अप्रैल/२०२६/ईएमएस