फिल्मी अंदाज में दो बदमाशो ने चाकू की नोंक पर की लूट भोपाल(ईएमएस)। शहर के भेल के खंडहरनुमा सुनसान पड़े मकान में दो युवको को शराब पार्टी करना मंहगा पड़ गया। उसकी पार्टी के बीच फिल्मी अंदाज में दो बदमाशों आये और चाकू की नोंक पर लूट कर फरार हो गए। इतना ही नहीं एक बदमाश ने लूटकांड का वीडियो भी शूट किया। घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो शुक्रवार को वीडियो सोशल मीडिया पर नजर आया है। हालांकि पीड़ित युवक इसकी शिकायत करने थाने नहीं पहुचें लेकिन वायरल वीडियो की भनक लगने पर पुलिस ने बदमाशो की पहचान जुटाने के प्रयास शुरु कर दिये है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित युवको की पार्टी के दौरान दो बदमाश खंडहरनुमा मकान में पहुचें एक बदमाश के हाथ में चाकू था। जबकि दूसरा पूरे घटनाक्रम का वीडियो शूट करता रहा। हथियार लिये बदमाश ने शराब पी रहे युवकों को धमकाते हुए कहा की जेब में जो कुछ भी है निकाल दो नहीं तो जान से जाओगे। एक युवक ने विरोध करने का प्रयास किया तो उसके साथ मारपीट की गई। डराने के लिये चाकू को उल्टा कर उस पर दो वार किए गए। आरोपी चाकू की नोक पर डरा धमकाकर पीड़ित युवकों से जेब में रखा कैश और गाड़ी की चाबी तक छीनते हुए उनकी जेब की तलाशी लेते हैं, और जो कुछ हाथ लगता है, सब छीनकर फरार हो जाते है। मामले में पुलिस का कहना है, कि वायरल वीडियो की जानकारी है, लेकिन शिकायत थाने तक नहीं आई है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। वीडियो में दिख रहे एक बदमाश का हुलिया बाणगंगा में रहने वाले एक निगरानी गुंडे से मिल रहा है। जिसे हिरासत में लेकर उससे वारदात के संबंध में पूछताछ करने के प्रयास किये जा रहे है। जुनेद / 3 अप्रैल